युसूफ खान/ बलरामपुर
शंकरगढ़/बलरामपुर। खरीफ सीजन को देखते हुए विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम पोड़ी में सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने किसानों के बीच बीज वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज वितरित कर बेहतर खेती एवं अधिक उत्पादन के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीमती पैकरा ने ग्रामीणजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए, ताकि ग्रामीणों को समय पर शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। किसानों की समृद्धि, ग्रामीण विकास और कृषि को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा, कृषि सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। किसानों ने समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे खरीफ सीजन की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।








