युसूफ खान/बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में जंगली मशरूम (पुटू/खुखड़ी) खाने से नौ लोगों की तबीयत बिगड़ गई। मशरूम खाने के कुछ समय बाद सभी को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज किया जा रहा है।
सिविल अस्पताल वाड्रफनगर के बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित ने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में मिलने वाले जंगली मशरूम (पुटू/खुखड़ी) का सेवन न करें, क्योंकि इनमें विषैले तत्व हो सकते हैं, जो गंभीर खाद्य विषाक्तता का कारण बन सकते हैं।
उन्होंने सलाह दी कि यदि किसी व्यक्ति को जंगली मशरूम खाने के बाद उल्टी, दस्त, पेट दर्द या अन्य किसी प्रकार की परेशानी महसूस हो तो बिना देर किए तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने और बरसात के मौसम में अज्ञात जंगली मशरूम के सेवन से बचने की अपील की है।








