बतौली संवाददाता – वीरेंद्र तिवारी
बतौली पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश।
थाना बतौली क्षेत्र के ग्राम बासाझाल बालापानी में गाड़ी की किश्त चुकाने के लिए पैसों की मांग को लेकर हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक लोहर साय कोरवा की हत्या उसकी पुत्री सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा ने कथित रूप से गमछे से गला घोंटकर तथा पटक-पटककर मारपीट करने के बाद की। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घटनास्थल पर गिरे खून को गोबर से लीप दिया गया।
प्रार्थी माईकल टोप्पो की रिपोर्ट पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना बतौली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया, पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया तथा साक्ष्य एकत्र किए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गाड़ी की किश्त के लिए पैसों को लेकर हुए विवाद में आवेश में आकर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक अरुण गुप्ता, महिला आरक्षक किरण तांडे, आरक्षक विकाश एक्का, राजेश खलखो, जोगी बड़ा, रवि सिंह, सैहुन सिंह एवं जितेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








