युसूफ खान/कुसमी –
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को कम शुल्क में गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित शुभ कंप्यूटर एजुकेशन, कुसमी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सराहनीय पहल कर रहा है। संस्थान द्वारा विगत वर्षों में सैकड़ों विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण देकर उन्हें उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, निजी रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार किया गया है।
संस्थान के संचालक शुभम जायसवाल ने पिछले वर्ष विद्यार्थियों से वादा किया था कि उन्हें प्रशिक्षण के साथ-साथ घर पर नियमित अभ्यास करने के लिए कंप्यूटर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसी वादे को पूरा करते हुए रविवार, 02 अगस्त 2026 को संस्थान परिसर में कंप्यूटर एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पात्र विद्यार्थियों को कंप्यूटर तथा सफल विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कंप्यूटर एवं प्रमाण-पत्र मिलने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर शुभम जायसवाल ने कहा कि विद्यार्थियों से किया गया वादा आज पूरा हुआ है। संस्थान का उद्देश्य केवल प्रमाण-पत्र प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को व्यवहारिक कंप्यूटर ज्ञान और नियमित अभ्यास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी संस्थान के पात्र विद्यार्थियों को कंप्यूटर, टैबलेट एवं प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की पहल जारी रहेगी। संस्थान का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी आधुनिक तकनीकी शिक्षा और आवश्यक संसाधनों का लाभ लेकर डिजिटल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें तथा अपने सपनों को साकार कर सकें।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया।







