डुगेश्वर संजू साहू/भवानीपुर (पलारी)। शासकीय हाई स्कूल रीवाडीह में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत अध्ययनरत 11 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलते ही छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा रोहासी मंडल अध्यक्ष विजय कोसले उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय कोसले ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक और जनहितकारी कार्य कर रही है। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरस्वती साइकिल योजना भी इन्हीं प्रयासों का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि पहले कई छात्राओं को लंबी दूरी तय कर स्कूल पहुंचना पड़ता था, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की अधिक खपत होती थी। अब साइकिल मिलने से छात्राएं समय पर विद्यालय पहुंच सकेंगी, उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और वे आत्मविश्वास के साथ उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी ताकत मानते हुए विद्यार्थियों के हित में लगातार नई पहल कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने साइकिल प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य शासन के प्रति आभार जताया। पालकों एवं ग्रामीणों ने भी इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि इससे बेटियों की शिक्षा को नई गति मिलेगी और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में प्राचार्य दाऊ लाल बाँधे, जनपद सदस्य जनार्दन वर्मा, निर्मला रजक, दौलत यादव, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कृपा राम साहू, इन्द्राणी रोहिदास, सरपंच पिंकी वर्मा, गजेंद्र यादव, अंजोरी यादव, विशाल ध्रुव, व्याख्याता पी.डी. नवरत्न, शिक्षक सुनील सोनवानी, लालचंद साहू, प्रेम नारायण कंवर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावक, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।







