Home चर्चा में ज्ञापन के बाद हरकत में आया प्रशासन, सीएमडीसी की जमीरापाठ बॉक्साइट...

ज्ञापन के बाद हरकत में आया प्रशासन, सीएमडीसी की जमीरापाठ बॉक्साइट परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार की प्राथमिकता के निर्देश

14
0
संवाददाता युसूफ खान
एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो की अध्यक्षता में बेरोजगार युवाओं, सीएमडीसी और तेजस कार्गो के प्रतिनिधियों की बैठक; भूमि प्रभावितों को योग्यता के अनुसार पहले रोजगार देने के निर्देश
कुसमी। ग्राम पंचायत जमीरापाठ में सीएमडीसी की बॉक्साइट परियोजना में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी अनमोल विवेक टोप्पो की अध्यक्षता में एसडीएम कार्यालय में बेरोजगार युवाओं, छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सीएमडीसी) तथा तेजस कार्गो इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोजगार के मुद्दे पर चर्चा के बाद एसडीएम ने संबंधित प्रबंधन और ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए।
भूमि प्रभावितों को रोजगार में विशेष प्राथमिकता..
बैठक के दौरान एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना से प्रभावित भूमि के लोगों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने में सर्वप्रथम विशेष प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही क्षेत्र के अन्य स्थानीय बेरोजगार युवाओं को भी उनकी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कार्यक्षमता के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने परियोजना से जुड़े रोजगार के अवसरों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दिए जाने पर जोर देते हुए संबंधित पक्षों को निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बाहरी कर्मचारियों की सूची पर उठे सवाल..
बैठक में शामिल बेरोजगार युवाओं के अनुसार, परियोजना से जुड़े कार्यों में पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों की सूची भी एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत की गई। युवाओं का कहना है कि इस सूची में कई ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं, जो स्थानीय क्षेत्र से बाहर के हैं।
बेरोजगार युवाओं ने इस सूची पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए प्रशासन के समक्ष स्थानीय युवाओं की सूची भी प्रस्तुत की। युवाओं का कहना है कि जब क्षेत्र में काम करने के इच्छुक बेरोजगार युवा उपलब्ध हैं, तो रोजगार के अवसरों में उन्हें प्राथमिकता मिलनी चाहिए। बैठक के दौरान स्थानीय युवाओं द्वारा प्रस्तुत सूची एवं पूर्व से कार्यरत कर्मचारियों की सूची को लेकर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने स्थानीय युवाओं की योग्यता के अनुसार उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष रूप से आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन की मौजूदगी में हुई चर्चा..
ज्ञापन सौंपे जाने के बाद आयोजित इस बैठक को स्थानीय बेरोजगार युवाओं की मांग पर प्रशासन की पहली महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में रोजगार से जुड़े मुद्दों के अलावा परियोजना से प्रभावित लोगों को मिलने वाले अवसरों और स्थानीय युवाओं की भागीदारी पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सीएमडीसी के क्षेत्रीय प्रबंधन से दीपक गुप्ता तथा ठेकेदार तेजस कार्गो इंडिया लिमिटेड की ओर से प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल सहित अन्य संबंधित टीम के सदस्य मौजूद रहे।
न्यायहित में सख्त नजर आए एसडीएम..
बैठक के दौरान एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो का रुख स्थानीय बेरोजगार युवाओं की मांग को लेकर गंभीर और सख्त नजर आया। उन्होंने रोजगार के मामले में प्रभावित लोगों तथा स्थानीय बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार प्राथमिकता देने पर जोर दिया। प्रशासन द्वारा बैठक बुलाकर सीएमडीसी और संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए जाने के बाद अब स्थानीय बेरोजगार युवाओं की नजर इस बात पर है कि इन निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना पालन होता है और कितने स्थानीय युवाओं को परियोजना में रोजगार का अवसर मिलता है।
ज्ञापन के बाद सामने आया प्रशासनिक हस्तक्षेप..
गौरतलब है कि 17 अगस्त को ग्राम पंचायत जमीरापाठ के ग्रामीणों ने एसडीएम कुसमी के नाम ज्ञापन सौंपकर सीएमडीसी की बॉक्साइट परियोजना में स्थानीय युवाओं और मजदूरों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की थी। ग्रामीणों ने परियोजना से जुड़े कार्यों में बाहरी लोगों को रोजगार दिए जाने का आरोप लगाते हुए सीएमडीसी, संबंधित ठेकेदार और ग्रामीणों के बीच प्रशासन की मौजूदगी में बैठक कराने की मांग की थी।
ज्ञापन के बाद प्रशासन द्वारा बैठक आयोजित कर संबंधित पक्षों को रोजगार के संबंध में निर्देश दिए जाने से ग्रामीणों की मांग पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। इस बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ती नजर आ रहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here