Home कोरबा रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व एवं एक दिन बाद परीक्षा न कराने...

रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व एवं एक दिन बाद परीक्षा न कराने की मांग — विहिप बजरंग दल ने DEO को सौंपा ज्ञापन

10
0
कोरबा। रक्षाबंधन जैसे प्रमुख हिन्दू एवं पारिवारिक पर्व को ध्यान में रखते हुए विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल, कोरबा ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कोरबा जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व एवं एक दिन बाद किसी भी प्रकार की परीक्षा आयोजित नहीं किए जाने हेतु आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है।
विहिप बजरंग दल ने कहा कि रक्षाबंधन सनातन समाज का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधती हैं और परिवार के सदस्य एकत्र होकर इस पर्व को मनाते हैं। अनेक विद्यार्थी एवं उनके परिवारजन रक्षाबंधन के लिए अपने गांव अथवा अन्य शहरों की यात्रा करते हैं।
संगठन का कहना है कि त्योहार के ठीक पहले या बाद परीक्षा होने से विद्यार्थियों पर परीक्षा की तैयारी एवं पारिवारिक दायित्वों का अनावश्यक दबाव बनता है। कई परिवारों को यात्रा एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
विहिप बजरंग दल ने मांग की है कि रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व एवं एक दिन बाद परीक्षा न कराने के संबंध में कोरबा जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। यदि इस अवधि में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो उसे उपयुक्त तिथि पर आगे या पहले कराने की व्यवस्था की जाए।
संगठन ने कहा कि इसका उद्देश्य किसी विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के हित, पारिवारिक भावनाओं एवं भारतीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल, कोरबा ने जिला शिक्षा विभाग से इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए जिले के समस्त विद्यालयों के लिए आवश्यक आदेश जारी करने की अपेक्षा की है।
जारीकर्ता:
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल, कोरबा
जिला कोरबा, छत्तीसगढ़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here