गुरदीप सिंह/कुसमुंडा, कोरबा। रक्षाबंधन के पावन पर्व को खास बनाने के लिए कुसमुंडा के आदर्श नगर में एक अनूठी पहल की गई। आदर्श नगर सामुदायिक भवन में भाजपा नेता कमलजीत सिंह के द्वारा कॉलोनी की बहनों के लिए निःशुल्क मेहंदी शिविर का आयोजन किया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं एवं युवतियां पहुंचीं। कार्यक्रम में बहनों को निःशुल्क मेहंदी लगाने की सुविधा दी गई। सामुदायिक भवन में मेहंदी लगवाने पहुंचीं बहनों के बीच पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में रक्षाबंधन की रौनक नजर आई।


कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेता कमलजीत सिंह ने कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। इसलिए मैंने अपनी कॉलोनी की सभी बहनों को अपनी बहन मानकर उनके लिए यह छोटा-सा उपहार देने का प्रयास किया है। इसी भावना के साथ निःशुल्क मेहंदी शिविर का आयोजन किया गया।”
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, सम्मान और सामाजिक जुड़ाव का भी प्रतीक है।
इस पहल की कॉलोनीवासियों और शिविर में पहुंचीं बहनों ने सराहना की। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन से त्योहार की खुशी बढ़ने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री एवं जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा प्रीति सोनकार सहित स्थानीय लोग एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।







