Home चर्चा में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों का SAI में चयन, दोनों रतनपुर की

छत्तीसगढ़ की दो बेटियों का SAI में चयन, दोनों रतनपुर की

30
0

-सुभद्रा और अस्मिता ने कुश्ती में बढ़ाया नगर का गौरव, कोच सागर धीवर एवं प्रमोद धीवर के मार्गदर्शन में हासिल की बड़ी उपलब्धि

रतनपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय रतनपुर की दो होनहार छात्राओं सुभद्रा यादव एवं अस्मिता ने कुश्ती के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की चयन प्रक्रिया में स्थान बनाया है। खास बात यह है कि पूरे छत्तीसगढ़ से कुश्ती के लिए चयनित दो छात्राओं में दोनों रतनपुर की हैं। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, गिरिजा बंद अखाड़ा सहित पूरे रतनपुर नगर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

भारत सरकार के भारतीय खेल प्राधिकरण (Sports Authority of India) द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए उच्च स्तरीय ट्रायल, ग्राउंड टेस्ट एवं स्किल टेस्ट के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। इसी चयन प्रक्रिया में सुभद्रा एवं अस्मिता ने अपनी प्रतिभा, शारीरिक क्षमता, तकनीकी कौशल और निरंतर अभ्यास के दम पर सफलता हासिल की।

कठिन मेहनत और अनुशासन से हासिल किया मुकाम

कुश्ती जैसे कठिन और अनुशासनपूर्ण खेल में दोनों छात्राओं ने नियमित अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपनी प्रतिभा को निखारा। उन्हें लंबे समय से कुश्ती प्रशिक्षक सागर धीवर एवं प्रमोद धीवर द्वारा प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों के कुशल निर्देशन में दोनों खिलाड़ियों ने तकनीक, फिटनेस और आत्मविश्वास पर लगातार मेहनत की, जिसका परिणाम SAI की चयन प्रक्रिया में सफलता के रूप में सामने आया।

सुभद्रा यादव पहले भी हासिल कर चुकी हैं राज्य स्तरीय सफलता

सुभद्रा यादव ने इससे पहले भी कुश्ती के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय महिला वर्ग की प्रतियोगिता में रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया था। उनकी लगातार उपलब्धियां रतनपुर की बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।

वहीं अस्मिता ने भी विभिन्न कुश्ती प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। दोनों खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर SAI की चयन प्रक्रिया में उनका चयन हुआ है।

चयन के बाद मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

SAI में चयनित खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा को निखारने के लिए निःशुल्क हॉस्टल, भोजन, शिक्षा, उच्च स्तरीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग, चिकित्सा सुविधा तथा बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुश्ती के लिए दोनों खिलाड़ियों को SAI लखनऊ में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। यहां उन्हें विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की देखरेख में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकेंगी।

विद्यालय परिवार ने दी बधाई

दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य शरण जीत बग्गा ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना आवश्यक है। उन्होंने सुभद्रा और अस्मिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रविन्द्र दुबे ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रतनपुर की बेटियों का SAI जैसी प्रतिष्ठित खेल संस्था की चयन प्रक्रिया में स्थान बनाना पूरे नगर के लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शरण जीत बग्गा, शिक्षिका सुशीला मौर्य, वर्षा मनु, मनोज यादव, कुश्ती प्रशिक्षक सागर धीवर, गिरिजा बंद अखाड़ा के कुश्ती संघ अध्यक्ष शंकर राव मराठा, नगर पालिका रतनपुर की पार्षद इंदु यादव एवं पावनी यादव सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here