बिलासपुर संवाददाता – योगेंद्र राठौर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे फाटक के पास गुरुवार को एक चौकीदार की हत्या से सनसनी फैल गई। तोरवा थाना क्षेत्र में आरपीएफ कॉलोनी के पास स्थित बजरंगी कंस्ट्रक्शन के रेलवे साइट ऑफिस में तैनात गार्ड नरेश गुप्ता का शव खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावर ने उसके सिर पर हथौड़े जैसी किसी भारी वस्तु से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार नरेश गुप्ता रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़े सामान के गोदाम की निगरानी करता था। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति के साइट पर पहुंचने और चौकीदार पर हमला करने की आशंका जताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं
घटना की जानकारी मिलते ही तोरवा थाना पुलिस के साथ GRP और RPF की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस फुटेज के जरिए वारदात के समय इलाके में आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान करने और आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हत्या की वजह अब भी रहस्य
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक के परिचितों, साइट पर काम करने वाले कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







