कोरबा संवाददाता – कृष्णा दास
कोरबा न्यूज 36गढ़ :– कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज रविवार को खनन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी, स्कूल एवं पीडीएस भवनों का निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं करने की स्पष्ट चेतावनी देते हुए उन्होंने मौके पर ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई। इस दौरान निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीढ़ी मंगवाकर मौके पर नपवाया सरिया, खुली अनियमितता
जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत जेन्जरा में डीएमएफ मद से निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को भवन में प्रयुक्त सरिया की गुणवत्ता और निर्धारित माप को लेकर शंका हुई। उन्होंने मौके पर ही सीढ़ी मंगवाकर जनपद पंचायत के सब इंजीनियर से स्लैब के पास लगे सरिया की माप कराने के निर्देश दिए।
सब इंजीनियर द्वारा भवन में 8 एमएम सरिया लगाए जाने की जानकारी दी गई थी, लेकिन मौके पर माप करने पर कई स्थानों पर 8 एमएम के स्थान पर 6 एमएम सरिया पाया गया। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्माण कार्य की विस्तृत जांच के लिए पंचनामा तैयार करने तथा संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिम्मेदार जनपद पंचायत कटघोरा के सब इंजीनियर रामकुमार पोर्ते को निलंबित करने के निर्देश दिए।







