पुकार बाफना/बीजापुर। भोपालपटनम से बारेगुड़ा मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों में चिंता का माहौल था।
क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी को जब सड़क की इस गंभीर समस्या की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए स्वयं मौके पर खड़े होकर अपनी देखरेख में सड़क मरम्मत का कार्य करवाया।

इस दौरान सड़क के गड्ढों में मुरम डलवाकर जेसीबी और मजदूरों की मदद से गड्ढों को भरने के साथ सड़क को समतल कराया गया, जिससे आवागमन सुगम हो सके और राहगीरों को राहत मिल सके।
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा, “जनता की सुविधा और सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उनकी समस्या को देखते हुए तत्काल मरम्मत कार्य कराया गया है, ताकि राहगीर सुरक्षित और सुगम यात्रा कर सकें।”







