Home चर्चा में दीये से जलेगा सेवा का संकल्प, जनभागीदारी से सजेगा विकसित भारत का...

दीये से जलेगा सेवा का संकल्प, जनभागीदारी से सजेगा विकसित भारत का सपना

7
0

-17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक बीजापुर में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

-25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’, मिनी स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन

-कलेक्टर विश्वदीप ने अधिकारियों को दिए निर्देश, गांव से जिला स्तर तक होंगी विविध गतिविधियां

बीजापुर, 12 सितंबर 2026/ सेवा, सहभागिता और संकल्प का संदेश लेकर बीजापुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण यात्रा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस एक माह के अभियान में जिले के गांवों, वार्डों, विकासखंडों और जिला मुख्यालय में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी

अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इस दिन बीजापुर जिले में सेवा और संकल्प का संदेश दीपों के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जिला स्तरीय आयोजन मिनी स्टेडियम मैदान में होगा, जबकि ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं निर्माण कार्य स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। यह दीप 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्विश्वदीप ने शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नोडल एवं सहयोगी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि हर गतिविधि में अधिकतम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्राम एवं वार्ड स्तर तक मैदानी अमले के दायित्व तय कर समयबद्ध कार्ययोजना के अनुरूप क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए।

सीईओ जिला पंचायत एवं अभियान की नोडल अधिकारी नम्रता चौबे ने बैठक में पीपीटी के माध्यम से अभियान की गतिविधियों, कार्ययोजना एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई है तथा गतिविधिवार नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं

आशीर्वाद के दीयों से रोशन होगा सेवा का संकल्प

17 सितंबर की शाम आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान में जिले के परिवारों को दीप प्रज्वलन के माध्यम से जोड़ा जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी। जिले के सभी ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं निर्माण स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे

बच्चों की कल्पनाओं में दिखेगा विकसित भारत

‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों के सपनों और विचारों के माध्यम से विकसित भारत की तस्वीर सामने लाई जाएगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा और उनकी रचनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटकों से गांव-गांव पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से 25 वर्षों की सेवा यात्रा जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे लोगों के जीवन में आए बदलावों की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन भी प्रस्तावित है

आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे संवाद और जागरूकता के केंद्र

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें माताओं और बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। हितग्राही महिलाएं योजनाओं से अपने जीवन में आए बदलावों की कहानियां भी साझा करेंगी।

कहानी बदलाव की’ बताएगी योजनाओं से बदली जिंदगी

शासकीय योजनाओं के लाभ से जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हितग्राहियों की सफलता की कहानियां ‘कहानी बदलाव की’ पहल के अंतर्गत संकलित की जाएंगी। प्रत्येक कहानी में हितग्राही, स्थान, योजना और उससे हुए बदलाव का विवरण दर्ज किया जाएगा। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक तैयार होगा, जिससे योजनाओं के प्रभाव को सामने लाने के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की पहुंच और मजबूत की जा सकेगी

सेवा में योगदान देने आगे आएंगे नागरिक

‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न जनसेवा कार्यों में जनप्रतिनिधि, स्वैच्छिक संगठन, शैक्षणिक संस्थाएं, स्व-सहायता समूह, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और आम नागरिक सहभागी बनेंगे

‘सरकार आपके द्वार’ पहुंचाएगा योजनाओं का लाभ

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।

यात्रा, स्वच्छता और नवाचार के साथ बनेगा जनअभियान

अभियान में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी शामिल होंगी। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रस्तावित है, जबकि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के माध्यम से जिले के परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

सोशल मीडिया से लेकर गांव की चौपाल तक होगा प्रचार

अभियान की एकरूप पहचान के लिए केंद्र एवं राज्य स्तर से निर्धारित हैशटैग, फ्रेम, लोगो और प्रचार सामग्री का उपयोग किया जाएगा। जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं स्थानीय मीडिया के माध्यम से अभियान की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।

हर गतिविधि का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड

अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण किया जाएगा। गतिविधियों की प्रगति का नियमित प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में भेजा जाएगा तथा राज्य स्तर पर जिलेवार प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

कलेक्टर श्विश्वदीप ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल आयोजन की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा और जनभागीदारी को जनआंदोलन में बदलने का अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर अभियान की गतिविधियों को धरातल पर प्रभावी बनाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सेवा, सहभागिता और जनकल्याण के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के बेहतर समन्वय के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जिलेभर में व्यापक जनअभियान का स्वरूप दिया जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here