लखनपुर संवाददाता – विकास अग्रवाल
लखनपुर/
जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग द्वारा शनिवार को कुंवरपुर जलाशय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जलाशय परिसर में फलदार पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधे की सुरक्षा और उसकी नियमित देखरेख करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। जब एक छोटा-सा पौधा सुरक्षित रहकर बड़ा वृक्ष बनता है, तभी उसकी वास्तविक उपयोगिता सामने आती है।

उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, फल तथा पर्यावरण संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारी भी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के नाम से पौधे लगाए गए हैं, उन्हें भी इन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि आज लगाया गया पौधा आने वाले वर्षों में एक विशाल वृक्ष का रूप ले सके।
मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। जलाशयों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनके संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखरेख करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री साहू, जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, राजेंद्र जायसवाल, नरेंद्र पांडे, सुरेश साहू, यतेंद्र पांडे, महेश्वर राजवाड़े, राकेश साहू, विक्रम सिंह , सुरेश प्रसाद जायसवाल, चेतन राजवाड़े, घरभरन राजवाड़े, राकेश राजवाड़े सहित जल संसाधन विभाग के एसडीओ दीपक गोयल, इंजीनियर एवं विभागीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।







