अगर आपका ज्यादातर समय Instagram, Facebook और WhatsApp पर गुजरता है, तो यह खबर आपके काम की है। Meta ने इन प्लेटफॉर्म्स के लिए नया सब्सक्रिप्शन लॉन्च किया है। इसका नाम Meta One है।
खास बात यह है कि Meta One में सोशल मीडिया के साथ AI टूल्स भी मिलेंगे। यानी फोटो एडिट करने से लेकर कंटेंट बनाने तक कई काम एक ही सब्सक्रिप्शन से हो सकेंगे।
Meta One को एक ऑल-इन-वन सब्सक्रिप्शन की तरह पेश किया गया है। इसमें 50 से ज्यादा प्रीमियम फीचर्स और AI टूल्स मिलेंगे।कंपनी आगे इसमें नए फीचर्स जोड़ने की तैयारी में है। इनमें एनिमेटेड एडिट्स और AI ग्लासेस से जुड़े फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
Meta One आने के बाद भी घबराने की जरूरत नहीं है। Instagram, Facebook और WhatsApp का बेसिक इस्तेमाल पहले की तरह फ्री रहेगा। Meta AI का बेसिक वर्जन भी मुफ्त रहेगा। पैसे देकर Meta One लेने पर ज्यादा AI फीचर्स और इस्तेमाल की लिमिट मिलेगी।
आम यूजर्स के लिए Meta ने Core और Premium प्लान पेश किए हैं। Core प्लान की कीमत 7.99 डॉलर प्रति महीना है। भारतीय करेंसी में यह करीब 766 रुपए बैठती है। इसमें Instagram Plus, WhatsApp Plus और Facebook Plus का कॉम्बिनेशन मिलेगा। साथ ही Meta AI के ज्यादा इस्तेमाल की सुविधा मिलेगी।
जिन लोगों को AI टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल करना है, उनके लिए Premium प्लान है। इसकी कीमत 19.99 डॉलर यानी करीब 1,917 रुपए प्रति महीना है। इसमें Core के सभी फीचर्स मिलेंगे। साथ ही AI टूल्स इस्तेमाल करने की लिमिट काफी ज्यादा होगी।
Meta One का एक बड़ा आकर्षण इसके AI फीचर्स हैं। Instagram का Restyle टूल फोटो का लुक बदलने में मदद करेगा। इसके जरिए सामान्य फोटो को अलग-अलग स्टाइल में बदला जा सकेगा। वॉइस इफेक्ट्स जैसे फीचर्स भी सब्सक्रिप्शन का हिस्सा होंगे।
Meta One सिर्फ सामान्य यूजर्स के लिए नहीं है। क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी अलग प्लान दिए गए हैं। Essential प्लान 14.99 डॉलर का है। इसकी कीमत करीब 1,437 रुपए है। वहीं Advanced प्लान 49.99 डॉलर का है। भारतीय करेंसी में इसकी कीमत करीब 4,794 रुपए बैठती है। बड़े ब्रांड्स के लिए Expert और Max प्लान भी उपलब्ध हैं।
Advanced प्लान में क्रिएटर्स को कई अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी। वे Instagram Stories को 30 दिन पहले तक शेड्यूल कर सकेंगे। पोस्ट और रील्स में डायरेक्ट लिंक भी जोड़े जा सकेंगे। इससे वेबसाइट या ब्लॉग पर ट्रैफिक भेजना आसान होगा। क्रिएटर्स को ऑडियंस समझने के लिए डीप एनालिटिक्स भी मिलेगा।
बिजनेस चलाने वालों के लिए भी Meta ने सुविधा दी है। बिजनेस ओनर अपनी टीम को अकाउंट का एक्सेस दे सकेंगे। इसके लिए अपना पासवर्ड शेयर करने की जरूरत नहीं होगी।
Meta One की कीमत और फीचर्स हर देश में एक जैसे नहीं होंगे। ऐप और अकाउंट के हिसाब से भी सुविधाएं बदल सकती हैं। कंपनी आगे Meta One में नए AI फीचर्स जोड़ सकती है। इससे यह सब्सक्रिप्शन धीरे-धीरे और ज्यादा सेवाओं को एक पैक में ला सकता है।







