Home चर्चा में प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन

प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन

11
0

-प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता टीमें क्षेत्रीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व

चाम्पा। सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चाम्पा में आयोजित तीन दिवसीय प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य समापन गुरुवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। प्रदेशभर से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। मैदान तालियों की गड़गड़ाहट एवं खिलाड़ियों के उत्साहवर्धक नारों से गूंजता रहा।

समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि इंजीनियर रवि पांडे, प्रदेश प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष, कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत जांजगीर-चांपा की अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी ने की। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक लोमस राम साहू उपस्थित रहे। मंच पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हनुमान प्रसाद देवांगन, प्रतियोगिता संयोजक डॉ. शांति कुमार सोनी एवं प्राचार्य अश्वनी कुमार कश्यप उपस्थित रहे।

प्राचार्य अश्वनी कुमार कश्यप ने प्रस्तावित भाषण में खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रांत खेल प्रमुख दिवाकर स्वर्णकार ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विजेता खिलाड़ी 18 से 21 सितंबर तक चाम्पा विद्यालय में आयोजित क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्य अतिथि रवि पांडे ने कहा कि कबड्डी केवल खेल नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना का प्रतीक है। जीत-हार खेल का हिस्सा है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जो खिलाड़ी अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर सके, वे अपनी कमियों से सीख लेकर और अधिक मेहनत करें। आज के खिलाड़ी ही भविष्य में देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भाग लेने से बच्चों में शारीरिक क्षमता के साथ नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। कबड्डी हमें एक-दूसरे के सहयोग और टीम भावना की सीख देती है।

विशिष्ट अतिथि लोमस राम साहू ने कहा कि कबड्डी की विशेषता यह है कि इसमें व्यक्तिगत प्रतिभा के साथ पूरी टीम का सहयोग आवश्यक होता है। एक खिलाड़ी की सफलता में पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना सभी के लिए गर्व की बात है।

प्रतियोगिता के परिणाम

बाल वर्ग

– भैया वर्ग: प्रथम — राजिम विभाग, द्वितीय — रायपुर विभाग
– बहिन वर्ग: प्रथम — कोरबा विभाग, द्वितीय — दुर्ग विभाग

किशोर वर्ग

– भैया वर्ग: प्रथम — राजिम विभाग, द्वितीय — राजनांदगांव विभाग
– बहिन वर्ग: प्रथम — कोरबा विभाग, द्वितीय — दुर्ग विभाग

तरुण वर्ग

– भैया वर्ग: प्रथम — रायपुर विभाग, द्वितीय — दुर्ग विभाग
– बहिन वर्ग: प्रथम — दुर्ग विभाग, द्वितीय — राजनांदगांव विभाग
इस अवसर पर पूर्व छात्रों के सहयोग से 11 संस्कार केंद्र चलाए जा रहे है।कुमारी संगीता गुप्ता दीदी जी द्वारा संचालित चरण नगर संस्कार केंद्र के बहिनों द्वारा मनमोहक नृत्य कर अतिथियों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का संचालन मनहरण दुबे ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पांडे ने किया। इस अवसर पर कमल लाल देवांगन, ललित सेंगर, पुरुषोत्तम देवांगन, दुगेंद्र शुक्ला, किशोर तिवारी, लक्ष्मीकांत यादव, अशोक शर्मा, संजय यादव सहित संरक्षक आचार्य, बंधु-भगिनी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी भैया-बहिन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here