रघुराज –
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के नवागढ़ से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। क्षेत्र के जाने-माने स्नेक कैचर मनीष पाटिल की सांप पकड़ने के दौरान डसने से मृत्यु हो गई है। मनीष पाटिल पिछले लंबे समय से बेमेतरा और आसपास के क्षेत्रों में बिना अपनी जान की परवाह किए सांपों का रेस्क्यू करते आ रहे थे। उन्होंने अब तक सैकड़ों जहरीले सांपों को इंसानी बस्तियों से सुरक्षित निकालकर जंगलों में छोड़ा था और कई लोगों की जिंदगी बचाई थी। लेकिन अनहोनी को कुछ और ही मंजूर था और जिस जीव को वे जीवनभर बचाते रहे, उसी के काटने से उनकी सांसें थम गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना नवागढ़ क्षेत्र की है जहां देर रात पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 की टीम को किसी ग्रामीण के घर में जहरीला सांप घुसने की सूचना मिली थी। डायल 112 की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए स्नेक कैचर मनीष पाटिल को अपने साथ रेस्क्यू के लिए ले गई। मौके पर पहुंचकर मनीष पाटिल ने हमेशा की तरह पूरी मुस्तैदी और सावधानी के साथ सांप को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, देर रात अंधेरे और परिस्थिति के चलते रेस्क्यू के दौरान सांप ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें डस लिया।
सांप के काटते ही मनीष पाटिल की तबीयत बिगड़ने लगी। वहां मौजूद डायल 112 की टीम और स्थानीय लोग तुरंत उन्हें उपचार के लिए पास के अस्पताल ले गए। लेकिन शरीर में जहर तेजी से फैलने के कारण उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मनीष पाटिल बेमेतरा जिले में एक जाना-पहचाना नाम थे। जब भी कहीं जहरीले से जहरीला सांप निकलता था, लोग सबसे पहले मनीष को ही याद करते थे। वे दिन हो या रात, बिना किसी स्वार्थ के लोगों की जान बचाने के लिए तुरंत निकल पड़ते थे। नवागढ़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में उनकी इस निस्वार्थ सेवा की हर कोई सराहना करता था। उनकी अचानक हुई इस दुखद मृत्यु से पूरे बेमेतरा जिले और नवागढ़ क्षेत्र में मातम छा गया है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी निस्वार्थ जनसेवा को याद कर रहे हैं।
इस पूरी घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन और आम जनता में गहरा शोक है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि मनीष पाटिल ने हमेशा समाज सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए काम किया, उनका इस तरह चले जाना क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।







