प्राथमिक शाला गबौद में सामाजिक पहल, बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और नियमित स्कूल आने की दी सीख
बलौदाबाजार जिला संवाददाता डुगेश्वर संजू साहू
भवानीपुर (पलारी)। शासकीय प्राथमिक विद्यालय गबौद में बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्लेट-पेंसिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता एवं छत्तीसगढ़ संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ के प्रांताध्यक्ष विक्रम राय गुरुजी ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को नई स्लेट एवं पेंसिल वितरित की।
कार्यक्रम में धनसाय घृतलहरे, समाजसेवी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को स्लेट-पेंसिल प्रदान करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया।
नई स्लेट-पेंसिल हाथ में आते ही बच्चों में उत्साह देखने को मिला। बच्चे खुशी-खुशी अपनी नई स्लेट लेकर फोटो खिंचवाते नजर आए। इस दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
शिक्षा ही भविष्य की मजबूत नींव : विक्रम राय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रम राय गुरुजी ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। प्राथमिक स्तर पर बच्चों को सहयोग और प्रोत्साहन मिलने से उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है और वे आगे चलकर बेहतर सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्लेट-पेंसिल वितरण का यह छोटा सा प्रयास बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।
वहीं धनसाय घृतलहरे ने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यों से गांव में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है। साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की प्रेरणा मिलती है।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रधान पाठक एवं समस्त शिक्षकों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।







