-गर्दन के नीचे लगा गहरा घाव, डायल 112 की मदद से घायल को कुसमी अस्पताल पहुंचाया गया; सामरी पुलिस जांच में जुटी
युसूफ खान/सामरी/कुसमी। सामरी थाना क्षेत्र के ग्राम सेरंगदाग में कर्मा उत्सव के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अखरा में खड़े होकर कर्मा कार्यक्रम देख रहे एक युवक पर ग्रामीण ने कथित रूप से टंगिया से हमला कर दिया। हमले में युवक के गर्दन के नीचे करीब चार इंच लंबा गहरा घाव हो गया और काफी रक्तस्राव हुआ। घटना के बाद डायल 112 की टीम ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। चिकित्सकीय उपचार के बाद घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सेरंगदाग निवासी 30 वर्षीय भोटना नगेसिया, पिता शीतल नगेसिया, बुधवार सुबह करीब 8 बजे अपने मामा के घर कर्मा त्योहार में शामिल होने पहुंचा था। मामा-मामी से बातचीत करने के बाद वह बाहर निकलकर गांव के अखरा में खड़े होकर कर्मा कार्यक्रम देख रहा था। इसी दौरान उदय नगेसिया, पिता आमिर नगेसिया, कथित रूप से हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा और अचानक भोटना के गर्दन के पास वार कर दिया।
टंगिया के वार से गर्दन के ठीक नीचे करीब चार इंच लंबा गहरा घाव हो गया। घायल के अनुसार घटना के समय उसने गर्दन में साल लपेट रखा था। वार सीधे गर्दन पर लगने के बजाय साल को छूते हुए गर्दन के नीचे लगा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय अखरा में कर्मा उत्सव देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद थीं। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और सामरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी ले गई।
इधर घटना की सूचना मिलते ही सामरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की और आरोपी उदय नगेसिया को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पूर्व विवाद से किया इनकार
घायल भोटना नगेसिया ने बताया कि आरोपी से उसका पूर्व में किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा नहीं हुआ था। उसने कहा कि वह कर्मा त्योहार का कार्यक्रम देखने के लिए अखरा में खड़ा था, तभी अचानक आरोपी ने उस पर टंगिया से वार कर दिया। हमले के कारणों की उसे जानकारी नहीं है।
फिलहाल सामरी पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों तथा हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।







