Home चर्चा में सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित हुआ...

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम

5
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
पोषण माह के तहत पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी, न्योता भोज, बाल गतिविधियां और खिलौना दान बॉक्स रहे प्रमुख आकर्षण
जांजगीर-चांपा, 25 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों को बच्चों, माताओं, अभिभावकों एवं समुदाय के बीच संवाद, सहभागिता और जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाना रहा।
       जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया जिले की नवागढ़ परियोजना के 18, अकलतरा के 26, जांजगीर के 24, बलौदा के 23, बम्हनीडीह के 22 तथा पामगढ़ परियोजना के 32 आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के साथ पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा बाल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान पोषण माह के अंतर्गत पौष्टिक आहार एवं व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन करते हुए बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं के लिए संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व की जानकारी दी गई। समुदाय को दैनिक भोजन में विविध एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में खेल, चित्रकला, गीत सहित विभिन्न बाल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों से बच्चों को आनंददायक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी रचनात्मकता एवं सहभागिता को बढ़ावा दिया गया। वहीं ‘खिलौना दान बॉक्स’ के माध्यम से समुदाय एवं सहयोगियों को बच्चों के लिए खिलौने एवं उपयोगी खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
    कार्यक्रम में ‘न्योता भोज’ भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों, अभिभावकों, हितग्राहियों, अतिथियों एवं समुदाय के सदस्यों ने सहभागिता की। न्योता भोज एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए खिलौने और खेल सामग्री उपलब्ध कराने वाले सहयोगियों के योगदान की सराहना की गई। स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में सहयोग करने वाली मितानिनों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
जिला पंचायत इंजी सत्यलता आनंद मिरी की उपस्थिति में अकलतरा परियोजना के कोटमीसोनार तथा जांजगीर परियोजना के वार्ड क्रमांक 12 आंगनबाड़ी केन्द्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बलौदा परियोजना के सिवनी 81 केन्द्र में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उमा राठौर तथा बम्हनीडीह परियोजना के बिर्रा 2 एवं 3 केन्द्रों में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू की उपस्थिति रही। इसी प्रकार बरपाली के आंगनबाड़ी केन्द्रों में श्रीमती जया गोपाल एवं श्रीमती मीरा पटकी की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पामगढ़ परियोजना के भैसो केन्द्र में महिला एवं बाल विकास की स्थायी समिति की सभापति श्रीमती भुवनेश्वरी सिंह की उपस्थिति रही। जिले के अन्य केन्द्रों में भी आमंत्रित अतिथियों के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, मितानिनों तथा न्योता भोज एवं खिलौना दान में सहयोग करने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया।‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों और समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूत करने तथा बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here