विमल सोनी/बिलासपुर। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़कों और प्रकाश व्यवस्था को लेकर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य एवं बिलासपुर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
रविंद्र सिंह ने कहा कि सड़कों की मरम्मत और नए निर्माण कार्य नहीं होने के कारण शहरवासियों को धूल, कीचड़ और जगह-जगह बने गड्ढों के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। खराब सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की बात भी उन्होंने कही। उनका कहना है कि सड़कों से उड़ने वाली धूल से राहगीरों के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। रविंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान में लगातार त्योहारों का दौर चल रहा है। गणेश उत्सव के बाद नवरात्रि, पितृ पक्ष, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। ऐसे समय में सड़कों और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
रविंद्र सिंह ने जिला प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने और शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।







