नितेश अधिकारी/गीदम :-28 सितंबर 2026 आज गीदम मे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन सक्षम – 2 मे किया गया। इस प्रतियोगिता में विकासखंड के सभी 33 संकुलों के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता व विचारशीलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने मेरे सपनों का भारत,महिला सशक्तिकरण,डिजिटल इंडिया,तथा नक्सलवाद से मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। नन्हे कलाकारों ने जहां अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से इन विषयों को जीवंत रूप दिया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में वक्ताओं ने ओजस्वी शैली में अपनी बात रखकर सभी का मन मोह लिया।

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के आधार पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 5 उत्कृष्ट वक्ताओं और 20 सर्वश्रेष्ठ ड्राइंग (चित्रों) का चयन किया गया।
इस प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप मे प्राचार्य के.आर.ठाकुर, वरिष्ठ व्याख्याता राकेश मिश्रा, कुंवर सिंह मंसूरे, धनेन्द्र सोनी, कैलाश कश्यप एवं केशव स्वर्ण रघु कौशल, हेमंत कोसमा, गया प्रसाद नाग, लव कुमार तारम एवं सुरेन्द्र साहू ने निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों के हुनर की सराहना की और उनका मार्गदर्शन किया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर व जिला मिशन समन्वयक श्री हरीश गौतम ने प्रतियोगिता का अवलोकन किया व बच्चों के प्रतिभा का प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सुश्री भवानी पुनेम एवं खंड स्रोत समन्वयक (BRC) नितेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा की तथा चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विभिन्न संकुलों के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।







