Home चर्चा में जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने सौंपा ज्ञापन, यात्री सुविधाओं और विभिन्न...

जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने सौंपा ज्ञापन, यात्री सुविधाओं और विभिन्न रेल मांगों को लेकर हुई चर्चा

11
0

दीपक ठाकुर/बाराद्वार। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेल महाप्रबंधक तरुण प्रकाश का गुरुवार को चांपा से रायगढ़ तक निरीक्षण दौरा प्रस्तावित था। इसी क्रम में उन्होंने बाराद्वार रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उनके बाराद्वार पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय नागरिकों ने मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न रेल संबंधी समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया।

इस दौरान जिला पंचायत सभापति आयुष शर्मा ने रेल महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की प्रमुख रेल मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बाराद्वार रेलवे स्टेशन पर हीराकुंड एक्सप्रेस एवं दक्षिण बिहार एक्सप्रेस के ठहराव, सकरेली एवं भागोडीह में अंडरब्रिज निर्माण, बाराद्वार में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण तथा जेठा स्टेशन पर मेमू लोकल ट्रेन के ठहराव की मांग प्रमुखता से रखी गई।

आयुष शर्मा ने बताया कि इन मांगों से क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकती है। उन्होंने रेल महाप्रबंधक के समक्ष क्षेत्र की अन्य रेल संबंधी आवश्यकताओं को भी रखा।

ज्ञापन पर रेल महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी विषयों पर जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित स्थानों और प्रस्तावित कार्यों का जल्द अवलोकन करवाने की बात कही। रेल महाप्रबंधक के सकारात्मक आश्वासन से स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों में क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर उम्मीद जगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बाराद्वार सहित आसपास के क्षेत्रों में इन मांगों पर पहल होती है, तो क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ-साथ रेलवे से जुड़ी कई वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान भी हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here