संवाददाता – योगेंद्र राठौर
धमतरी। नेशनल हाईवे-30 पर संबलपुर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार 35 वर्षीय नर्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रात में मरीज को लेकर रायपुर गई थी एंबुलेंस
जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी 72 वर्षीय राजेंद्र खत्री की तबीयत खराब होने पर उन्हें इलाज के लिए डिमरापाल के निजी अस्पताल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल ले जाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर एंबुलेंस से जगदलपुर लौट रहे थे। एंबुलेंस में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री, बेटी मीनाक्षी घई और नर्स शबनम खान सवार थीं।
सुबह करीब 6:30 बजे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे संबलपुर के पास अचानक एंबुलेंस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देवेंद्र खत्री, उषा खत्री और मीनाक्षी घई घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
लगातार कई घंटे वाहन चलाने के बाद झपकी आने की बात
एंबुलेंस चालक अतुल बघेल के मुताबिक, वह बुधवार रात करीब 9 बजे डिमरापाल से एंबुलेंस लेकर रायपुर के लिए रवाना हुआ था। करीब तड़के 3 बजे वह एसएमसी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुबह करीब 4:30 बजे शव और परिजनों को लेकर वह जगदलपुर के लिए रवाना हुआ था।
रायपुर से जगदलपुर लौटने के दौरान करीब दो घंटे बाद संबलपुर के पास यह हादसा हो गया। चालक के अनुसार, हादसे के वक्त उसे झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
अर्जुनी पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







