Home चर्चा में गुखेरा स्कूल पहुंचे जनपद सीईओ व अधिकारी, निर्माण कार्यों में तेजी लाने...

गुखेरा स्कूल पहुंचे जनपद सीईओ व अधिकारी, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश के साथ परखी बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता

6
0

आरंग। शुक्रवार को शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला गुखेरा में जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जनपद सीईओ राजेंद्र पांडे, एसडीओ(आरईएस )हरीश साहू एवं पीओ वीबी ग्राम जी अनिल चंद्राकर ने विद्यालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।

अधिकारियों ने स्कूल में निर्माणाधीन उत्कृष्ट बालिका शौचालय, अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य तथा पुराने भवन की मौजूदा स्थिति का विस्तृत मुआयना किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को जल्द से जल्द बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही टीम ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मीनू और बच्चों की दैनिक उपस्थिति का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ राजेंद्र पांडे ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया और उनसे सवाल पूछकर उनके लर्निंग स्तर को परखा। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा करते हुए बच्चों में पठन-पाठन के साथ-साथ रचनात्मक लेखन कौशल को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया, जिससे छात्रों की अभिव्यक्ति और बौद्धिक क्षमता का सर्वांगीण विकास हो सके।

इस अवसर पर सरपंच रेवती पुरुषोत्तम सोनवानी ने आश्वासन दिया कि बालिका शौचालय का काम समय पर पूरा हो जाएगा तथा प्रधान पाठक गण अरविंद वैष्णव एवं के. के. साहू, शिक्षक रामनारायण कन्नौजे, नोहर लाल यादव, घनश्याम साहू, विमला चौहान, तथा मध्यान्ह भोजन संचालन स्व-सहायता समूह के सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here