-वर्षाकाल में बंद हुई बस सेवा से यात्री परेशान, राजपुर होकर तय करना पड़ रहा लंबा सफर; सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ भगत ने की जल्द पहल की मांग
युसूफ खान/कुसमी / बलरामपुर।
कुसमी से बलरामपुर के बीच बंद पड़ी बस सेवा को दोबारा शुरू कराने की मांग उठने लगी है। सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ भगत ने इस संबंध में कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज को आवेदन सौंपकर आम जनता की परेशानी से अवगत कराया और बस सेवा जल्द बहाल करने की मांग की है।
सोमनाथ भगत ने आवेदन में बताया कि कुसमी तहसील का क्षेत्र काफी विस्तृत है। यहां के लोगों को शासकीय कार्यों, जिला मुख्यालय और न्यायालय संबंधी कार्यों के लिए बलरामपुर जाना पड़ता है। लेकिन वर्षाकाल के दौरान चांदो-कंठी घाट मार्ग की खराब स्थिति के कारण कुसमी से बलरामपुर के बीच संचालित बस सेवा कई महीनों से बंद है।
बस सेवा बंद होने के कारण यात्रियों को राजपुर होकर बलरामपुर जाना पड़ रहा है। इससे न केवल सफर की दूरी बढ़ गई है, बल्कि लोगों को अतिरिक्त समय और किराया भी खर्च करना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ रहा है।

वर्षाकाल समाप्त होने पर बस चलाने की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ भगत ने कहा कि अब वर्षाकाल समाप्त होने की ओर है। ऐसे में मार्ग की स्थिति का जायजा लेकर कुसमी-चांदो मार्ग से बलरामपुर के लिए बस सेवा पुनः शुरू की जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में राहत मिल सके।
उन्होंने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए बंद बस सेवा को जल्द बहाल कराने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। बस सेवा शुरू होने से कुसमी क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और समय व पैसे की बचत भी होगी।







