सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल
जनसेवा और आदिवासी समाज के उत्थान में योगदान को किया गया याद
अम्बिकापुर । 29 अक्टूबर 2026।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिरई-जसवंतपुर में बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सरगुजा अंचल के वरिष्ठ जननेता स्वर्गीय काका लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रतिमा का अनावरण किया और स्वर्गीय लरंग साय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जनसेवा, जनजातीय समाज के उत्थान तथा क्षेत्र के विकास में दिए गए योगदान को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय ने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों, जनजातीय समाज और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। अविभाजित मध्यप्रदेश में विधायक, सांसद और मंत्री के रूप में उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सरल व्यक्तित्व, सहज व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण आज भी जनमानस के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को जनसेवा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय काका लरंग साय का सार्वजनिक जीवन जनसेवा और क्षेत्रीय विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन संघर्ष, सादगी और जनहित के प्रति समर्पण की मिसाल रहा है। ग्राम जसवंतपुर में उनकी प्रतिमा की स्थापना उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ उनकी विचारधारा और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय लरंग साय के साथ अपने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें उनके सान्निध्य में रहने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय के आदर्श सार्वजनिक जीवन में सदैव प्रासंगिक रहेंगे।
बलरामपुर जिले को 202.65 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में कुल 202 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत के 2,009 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 156 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत के 1,863 कार्यों का भूमिपूजन तथा 45 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से पूर्ण 146 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इन विकास कार्यों से जिले में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
क्षेत्र के विकास और स्मृतियों को संजोने की घोषणाएं

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शंकरगढ़ में बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के नवीन भवन के निर्माण तथा चांदो में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए बड़े सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही स्वर्गीय काका लरंग साय की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए प्रतिमा स्थल के समीप भव्य स्मृति द्वार बनाने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने स्वर्गीय लरंग साय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहा। उनकी प्रतिमा भावी पीढ़ियों को उनके आदर्शों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने भी स्वर्गीय लरंग साय के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और जनजातीय समाज के प्रति उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम का उद्बोधन लरंग साय सेवा समिति अध्यक्ष श्री राम लखन सिंह पैकरा द्वारा किया उन्होंने मंचासीन एवं कार्यक्रम में विभिन्न मध्यमों से जुड़े मान्यगणों का आभार व्यक्त किया, स्व लरंग साय के जीवन से जुड़े रोचक तथ्यों को याद किया, समिति के उद्देश्यों को लेकर उन्होंने वर्तमान-भविष्य और समाज को बोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन सहदेव भगत जी ने किया।
इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, बब्रुवाहन महाराज सनातन संत समाज के अध्यक्ष ,भाजपा वरिष्ठ नेता मेजर अनिल सिंह, हीरामुनि निकुंज जिला पंचायत अध्यक्ष बलरामपुर, सिद्धनाथ पैकरा पूर्व विधायक, शिवनाथ यादव प्रदेश मंत्री,जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, पद्म श्री माता राजमोहिनी आश्रम संरक्षक श्रीमती राम बाई, अध्यक्ष अमृत सिंह मराबी, धरम सिंह, शिव शंकर मराबी, ओमप्रकाश जायसवाल,मंडल अध्यक्ष विवेक जायसवाल, मोहन अग्रवाल, विकास अग्रवाल, कमरुद्दीन अंसारी, अभय पैकरा, सुखनंदन किसान, प्रभुराम भगत, , चिरई ग्राम सरपंच बुधना जी, धर्मेंद्र साय, खगेश साय, श्रीमती चिंतामणि भगत, गीता पैकरा, आनंद अग्रवाल, बलरामपुर जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन, प्रभारी एस पी राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी,एडिशनल एस पी विश्वदीपक त्रिपाठी, विभागीय अधिकारी अनमोल टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







