कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत नए दिशा-निर्देश जारी कर धान उत्पादक एवं धान बीज उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ समान आदान सहायता राशि देने के निर्णय का भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्री रामनारायण सराफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए स्वागत किया है। उन्होंने इस किसान हितैषी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है।
श्री सराफ ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय किसानों के हित में एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। अब सामान्य धान उत्पादन करने वाले किसानों के साथ-साथ प्रमाणित धान बीज उत्पादन करने वाले किसानों को भी समान रूप से आदान सहायता का लाभ मिलेगा। इससे बीज उत्पादक किसानों का उत्साह बढ़ेगा और प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण बीजों के उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की मेहनत, परिश्रम और आर्थिक समृद्धि को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी निर्णय ले रही है। कृषक उन्नति योजना के नए प्रावधान किसानों को खेती की बढ़ती लागत से राहत देने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
श्री रामनारायण सराफ ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संकल्प के अनुरूप प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह निर्णय किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ छत्तीसगढ़ को कृषि एवं बीज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने प्रदेश के समस्त किसान भाइयों की ओर से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान खुशहाल होगा, तभी छत्तीसगढ़ खुशहाल और समृद्ध बनेगा।







