Home चर्चा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

7
0

संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल

जांजगीर-चांपा, 13 नवम्बर 2026। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चोरिया में ‘मेरी बेटी, मेरा गौरव’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी श्रीमती अनुपमा सिंह कंवर ने छात्राओं को घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005, महिलाओं के कानूनी अधिकारों तथा घरेलू हिंसा की स्थिति में उपलब्ध सहायता के संबंध में जानकारी दी। सखी वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री एच. निशा खान ने करियर काउंसलिंग के माध्यम से बालिकाओं को भविष्य निर्माण एवं रोजगार के अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं, महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा हेल्पलाइन नंबर 181, 1098, 112, 108, 102, 1076, 1091 एवं 1073 के उपयोग की जानकारी भी दी। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा, लैंगिक समानता, बाल विवाह एवं महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पैरा लीगल वॉलंटियर श्रीमती मंजू देवांगन ने सुरक्षित बचपन अभियान, साइबर अपराध एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। परियोजना अधिकारी श्रीमती ऋचा तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरी बालिकाओं को पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर आंगनबाड़ी केन्द्र चोरिया-03 की कार्यकर्ता श्रीमती पूर्णिमा साहू एवं सहायिका श्रीमती सुक्रिता सूर्यवंशी तथा आंगनबाड़ी केन्द्र परसापाली की कार्यकर्ता श्रीमती प्रतिभा साहू को सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय की छात्राओं के बीच रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य श्री अमृत लाल साहू, परियोजना अधिकारी श्रीमती ऋचा तिवारी, संरक्षण अधिकारी नवा बिहान श्रीमती अनुपमा सिंह कंवर, सखी वन स्टॉप सेंटर जांजगीर की केन्द्र प्रशासक सुश्री एच. निशा खान, पैरा लीगल वॉलंटियर श्रीमती मंजू देवांगन, श्री डालेश्वर पटेल, साइको-सोशल काउंसलर श्रीमती सरस्वती सोनी, पैरालीगल वकील श्रीमती अंजली बंदे, पर्यवेक्षक श्रीमती उर्मिला भारती, श्रीमती दुर्गेश नंदनी यादव एवं श्रीमती रामकुमारी पटेल सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here