Home चर्चा में कर्मचारी संगठन द्वारा आयोजित हुआ जनजातीय गौरव दिवस, मटिया डांड से कोटमी...

कर्मचारी संगठन द्वारा आयोजित हुआ जनजातीय गौरव दिवस, मटिया डांड से कोटमी तक निकली भव्य रैली

5
0
पेंड्रा संवाददाता – दीपक कश्यप
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 15 नवंबर 2026
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। इस बार कार्यक्रम का आयोजन कर्मचारी संगठन द्वारा किया गया था। जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही के ग्राम मटिया डांड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए और अपने महानायक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुबह से ही मटिया डांड में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कर्मचारी संगठन के सदस्यों ने कार्यक्रम की पूरी व्यवस्था संभाली थी। गांव के चौक-चौराहों को सजाया गया था। लोग पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की थाप, मांदर की गूंज और पारंपरिक नृत्य ने पूरे वातावरण को गौरवशाली बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
इसके बाद कर्मचारी संगठन के नेतृत्व में मटिया डांड से कोटमी रानी दुर्गा वाटी चौक तक भव्य रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों की संख्या में जनजाति समूह के महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। हाथों में बिरसा मुंडा के चित्र, तिरंगा और जनजातीय प्रतीक लिए लोग “बिरसा मुंडा अमर रहें” और “जनजातीय गौरव जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह ग्रामीणों ने रैली का स्वागत किया और पुष्प वर्षा की।
रैली का समापन कोटमी रानी दुर्गा वाटी चौक पर हुआ, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा में वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत और शोषण के खिलाफ ‘उलगुलान’ का बिगुल फूंका था। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा बिरसा मुंडा की भूमिका का जीवंत मंचन। इस भूमिका को निकेश वाकरे ने बखूबी निभाया। धनुष-बाण लिए, पारंपरिक वेशभूषा में जब निकेश वाकरे मंच पर आए तो पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। उनकी प्रस्तुति इतनी सजीव थी कि लोगों को लगा जैसे साक्षात बिरसा मुंडा उनके सामने खड़े हों। कार्यक्रम के बाद से ही पूरे क्षेत्र में निकेश वाकरे की प्रस्तुति की चर्चा जोर-शोर से हो रही है।
सभा में कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने युवाओं से आह्वान किया कि वे बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें, शिक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को सहेज कर रखें। साथ ही जनजातीय समाज के उत्थान, एकता और स्वाभिमान को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here