संवाददाता – निलेश सिंह
जांजगीर-चांपा:
पुलिस की साइबर टीम ने की बड़ी कार्रवाई, NCRP पोर्टल से मिले सुराग के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांजगीर-चांपा। जिले में ऑनलाइन ठगी के एक मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 98 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को केरल राज्य से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर 6 जून 2026 को व्हाट्सएप के माध्यम से शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम पर एक APK फाइल भेजी गई थी। प्रार्थी द्वारा फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल से लिंक SBI बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए।
मामले की शिकायत पर साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
NCRP पोर्टल से मिला आरोपी का सुराग
पुलिस ने तकनीकी जांच और NCRP पोर्टल से प्राप्त बैंक खाते की जानकारी के आधार पर आरोपी अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मलप्पुरम, केरल की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने केरल पहुंचकर आरोपी के घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
ठगी की रकम घरेलू खर्च में की इस्तेमाल
पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने तथा उसे निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग करने की बात स्वीकार की। जांच में आरोपी के खाते में 21 हजार रुपये की अन्य संदिग्ध राशि भी प्राप्त होना पाया गया, जिसकी शिकायत गुजरात राज्य से NCRP पोर्टल पर दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खाते को सीज कराया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां से उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर आने वाली किसी भी अनजान APK फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें। साइबर ठग शादी का निमंत्रण कार्ड, मोटर चालान और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ऐसी फाइल भेजकर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। किसी परिचित व्यक्ति के मोबाइल से भी ऐसी फाइल आने पर बिना पुष्टि किए उसे डाउनलोड न करें।
यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक प्रतीक सिंह एवं आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।







