Home मुख्य ख़बरें भारतीय सेना में ऐतिहासिक बदलाव की तैयारी! ब्रिगेडियर रैंक खत्म करने का...

भारतीय सेना में ऐतिहासिक बदलाव की तैयारी! ब्रिगेडियर रैंक खत्म करने का प्रस्ताव, कर्नल से सीधे मेजर जनरल तक पहुंचेगा प्रमोशन का रास्ता

9
0

भारतीय सेना में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय सेना अपने रैंक ढांचे में बड़ा बदलाव करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। भारतीय सेना ब्रिगेडियर (Brigadier) रैंक खत्म होगा। अब कर्नल सीधे मेजर जनरल (Major General) बनेंगे। इस नये नियम से प्रमोशन तेज होगा और सिविल सेवाओं से बराबरी बनेगी। आठवें वेतन आयोग को सिफारिश भेजी जा सकती है।

भारतीय सेना का यह कदम अधिकारियों के करियर प्रोग्रेस को बेहतर बनाने, सिविल सेवाओं के साथ वेतन और पद के अंतर को कम करने तथा रैंक संरचना को सरल बनाने के लिए उठाया जा रहा है।

सेना का मौजूदा रैंक ढांचा पिरामिड के आकार का है. लेफ्टिनेंट कर्नल और उससे नीचे के पदों पर अधिकारियों की संख्या बहुत अधिक है, जबकि ऊपरी पद सीमित हैं. इससे प्रमोशन में देरी होती है। सेना के अधिकारी मेजर जनरल के वेतन स्तर तक पहुंचने में औसतन 32-33 साल लगा देते हैं, जबकि आईएएस, आईपीएस और वन सेवा के अधिकारी समान स्तर पर 16-18 साल में पहुंच जाते हैं। इस असमानता को दूर करने के लिए यह प्रस्ताव लाया गया है। 2018 में तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के समय भी कैडर अध्ययन में ब्रिगेडियर पद खत्म करने की संभावना पर चर्चा हुई थी, लेकिन तब इसे लागू नहीं किया गया। अब सेना इस प्रस्ताव को औपचारिक रूप से रक्षा मंत्रालय के माध्यम से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग को भेजने की तैयारी में है।

प्रस्ताव के अनुसार मेजर जनरल ही ब्रिगेड का कमांड संभालेंगे, जो अभी ब्रिगेडियर करते हैं। साथ ही वे डिवीजन स्तर की जिम्मेदारियां भी निभाते रहेंगे। नियमित अधिकारियों के लिए मेजर जनरल न्यूनतम रिटायरमेंट रैंक बन सकता है। इससे करियर में स्थिरता बढ़ेगी। यह बदलाव भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना पर भी असर डालेगा, जहां कमोडोर और एयर कमोडोर ब्रिगेडियर के समकक्ष पद हैं। सेना इस समय अपने ऑपरेशनल संगठन में भी बड़े बदलाव कर रही है। उसने पहले पांच एकीकृत बैटल ग्रुप (आईबीजी) और एक फायर सपोर्ट ग्रुप सक्रिय कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here