अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत बड़े नेताओं की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है. अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के लिए काम करता था. आरोप है कि उसने अमेरिका में नेताओं की हत्या कराने के लिए सुपारी किलर तलाशे थे.
अमेरिकी अदालत ने पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को डोनाल्ड ट्रंप सहित अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के आरोप में 27 साल 6 महीने की सजा सुनाई है. ब्रुकलिन की संघीय अदालत ने 48 साल के आसिफ मर्चेंट को 330 महीने यानी 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई है. उसे सीमाओं के पार आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देने की कोशिश और सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश का दोषी पाया गया.
अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, 48 वर्षीय मर्चेंट को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी कि IRGC के लिए काम करते हुए हत्या की योजना बनाने का दोषी पाया गया. अदालत में मर्चेंट ने स्वीकार किया कि वह IRGC के लिए काम करता था. करीब 2022 में वह इस संगठन से जुड़ा था. इसके बाद एक रिश्तेदार के जरिए उसकी मुलाकात संगठन के हैंडलर यूसुफ मेरहारदाद से हुई.
अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, मर्चेंट के निशाने पर ट्रंप के अलावा पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली भी थीं.
पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट ने हत्या को अंजाम देने के लिए लोगों की तलाश की और दो ऐसे लोगों से संपर्क किया, जिन्हें वह सुपारी किलर समझ रहा था. हालांकि, वे FBI के अंडरकवर एजेंट थे.







