इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी में एक और नए मालिक की एंट्री का रास्ता लगभग साफ हो गया है। केकेआर टीम के सह-मालिक जय मेहता जिनके पास फ्रेंचाइजी का 45 फीसदी हिस्सा है उन्होंने इसके आधे हिस्से को बेचने का फैसला लिया है। इस मामले से जुड़े कई सूत्रों के अनुसार, मेहता तीन बार की IPL चैंपियन टीम में अपनी 45 प्रतिशत हिस्सेदारी का आधा हिस्सा US स्थित एरेस मैनेजमेंट को बेच रहे हैं। एरेस मैनेजमेंट एक इन्वेस्टमेंट फर्म है, जिसकी दुनिया भर की कई स्पोर्ट्स प्रॉपर्टीज में हिस्सेदारी है और इसमें इनमें प्रीमियर लीग की चेल्सी FC और NFL की मियामी डॉल्फिन्स शामिल हैं।
जय मेहता जो केकेआर फ्रेंचाइजी में 45 फीसदी हिस्सेदारी के मालिक हैं, उसमें क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार वह 22.5 फीसदी हिस्सेदारी जो लगभग 400 मिलियन डॉलर है उसको बेच रहे हैं। इस हिसाब से टीम की कुल वैल्यूएशन 1.78 बिलियन डॉलर यानी लगभग 16,634 करोड़ के आसपास है। यह आंकड़ा ‘स्पोर्टिको’ द्वारा हाल ही में की गई KKR की 1.738 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन के काफी करीब है। यह वैल्यूएशन अन्य दो फ्रेंचाइजियों की बिक्री के आंकड़ों के भी लगभग आसपास है, जिसमें राजस्थान रॉयल्स 15,660 करोड़ रुपये में और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 16,660 करोड़ रुपये में बिकी थी। कोलकाता नाइट राइडर्स में में बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान की सबसे बड़ी, यानी 55 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
जय मेहता और यूएस कंपनी के बीच में यह डील पूरी तरह से कैश में होगी जिसमें प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, जिसके बाद इसे बीसीसीआई के पास औपचारिक मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जहां पर नियम के अनुसार, BCCI नए मालिक की पूरी जांच-पड़ताल करेगा। साथ ही इस सौदे की कुल वैल्यू का 5 प्रतिशत हिस्सा BCCI को मिलेगा, जिसका मतलब है कि उन्हें लगभग 20 मिलियन डॉलर करीब 200 करोड़ रुपये की कमाई होगी।
आईपीएल 2027 सीजन के लिए 17 नवंबर को सभी फ्रेंचाइजियों ने मिनी ऑक्शन से पहले अपने रिटेन किए जाने वाले खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया था, जिसमें केकेआर ने कुल 17 खिलाड़ी रिटेन किए और अब उनके पास ऑक्शन से पहले कुल 8 स्लॉट खाली हैं, जिसमें तीन ओवरसीज स्लॉट हैं और उसके लिए उनके पास कुल 41.65 करोड़ रुपये पर्स बाकी है।







