-भगत ने कहा मोदी और ज्ञानेश की देश और जनता के साथ गद्दारी
-कार्यकर्ताओं से किया संवाद, कांग्रेस में गुटबाजी से किया इनकार।
विकास अग्रवाल/लखनपुर।
राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत तीन दिवसीय सरगुजा प्रवास पर पहुंचे हैं। इस दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर जनचौपाल आयोजित कर आम लोगों को मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।इसी कड़ी में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, जारिता लैफ्लांग सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता लखनपुर पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यालय एवं माता कर्मा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों और आतिशी स्वागत के साथ नेताओं का भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की।
मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर देशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। वोट केवल मतदान का अधिकार नहीं, बल्कि जनता की पहचान, अस्मिता और लोकतांत्रिक आवाज है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक प्रक्रियाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बीच कथित नजदीकी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मोदी और ज्ञानेश की यारी देश और जनता के साथ गद्दारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनचौपाल के माध्यम से आम जनता के बीच पहुंचकर उनकी आवाज बुलंद कर रही है। यह अभियान सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार की रक्षा की जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक के वोट का सम्मान और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित होना जरूरी है।
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर सुखदेव भगत ने इसे सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में अलग-अलग विचार और व्यक्तिगत पसंद होना लोकतंत्र की जीवंत पहचान है। किसी नेता के प्रति किसी की पसंद अलग हो सकती है, लेकिन पार्टी का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के हाथों में है। विचारों की भिन्नता को गुटबाजी नहीं कहा जा सकता। सभी कांग्रेसजन पार्टी के चुनाव चिह्न पंजे के साथ एकजुट हैं।
इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंहदेव, जिला उपाध्यक्ष कृपा शंकर, रणविजय सिंह देव, गुप्ता, दिनेश तायल, वीरेंद्र सिंह देव, दानिश रफीक, आमिर, सोहेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







