WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब फैमिली, स्कूल, सोसायटी या कम्युनिटी ग्रुप में मेंबर्स की संख्या कम पड़ने की चिंता खत्म होने वाली है। WhatsApp ने ग्रुप में मेंबर्स जोड़ने की लिमिट बढ़ाकर 1500 कर दी है। यानी अब एक ही ग्रुप में पहले के मुकाबले 476 ज्यादा लोगों को जोड़ा जा सकेगा। यह फीचर Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है।
WhatsApp Group में अब 1500 मेंबर्स की लिमिट
अब तक WhatsApp ग्रुप में अधिकतम 1024 मेंबर्स को शामिल किया जा सकता था। ऐसे में बड़े ग्रुप चलाने वाले एडमिन को ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए अलग-अलग ग्रुप बनाने पड़ते थे। लेकिन नए अपडेट के बाद यह परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी।
WhatsApp ने ग्रुप और कम्युनिटी ग्रुप की क्षमता बढ़ाने का फैसला किया है। अब एक ग्रुप में अधिकतम 1500 मेंबर्स को शामिल किया जा सकेगा। इससे बड़े परिवारों, स्कूलों, संस्थानों, सोसायटी और अन्य कम्युनिटी को फायदा मिल सकता है।
यूजर्स को नहीं करना होगा कोई बदलाव
WhatsApp का यह नया फीचर ऑटोमैटिक तरीके से अपडेट होगा। इसके लिए यूजर्स को सेटिंग्स में जाकर कोई बदलाव करने या अलग से कोई विकल्प एक्टिवेट करने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यह सुविधा अधिक से अधिक यूजर्स तक पहुंच सकती है।
WhatsApp Group के लिए 4 नए फीचर्स भी हुए लॉन्च
WhatsApp ने ग्रुप चैट को पहले से ज्यादा उपयोगी बनाने के लिए चार नए फीचर्स भी पेश किए हैं। इनकी मदद से यूजर्स जरूरी मैसेज और ग्रुप में होने वाली बातचीत को आसानी से मैनेज कर सकेंगे।
- लंबे समय तक पिन कर सकेंगे जरूरी मैसेज
अब यूजर्स ग्रुप चैट में किसी जरूरी मैसेज को सबसे ऊपर पिन करके रख सकते हैं। इससे महत्वपूर्ण जानकारी को बार-बार चैट में ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- ग्रुप में शेयर कर सकेंगे स्टेटस अपडेट
यूजर्स अब ग्रुप में स्टेटस अपडेट भी शेयर कर सकेंगे। इससे ग्रुप के सदस्यों तक जरूरी जानकारी और अपडेट पहुंचाना आसान होगा।
- मेंशन और रिप्लाई के आधार पर चैट फिल्टर
WhatsApp ने मेंशन और रिप्लाई के आधार पर चैट को फिल्टर करने की सुविधा भी दी है। इससे यूजर्स उन मैसेज पर आसानी से नजर रख सकेंगे, जिनमें उन्हें मेंशन किया गया है या जिनका जवाब दिया गया है।
- नए मेंबर्स को मिलेगी पुराने मैसेज की हिस्ट्री
ग्रुप में नए मेंबर के जुड़ने पर उसके साथ पुराने चुनिंदा मैसेज की हिस्ट्री भी शेयर की जा सकेगी। इससे नए सदस्य को ग्रुप की पिछली बातचीत और जरूरी जानकारियों को समझने में आसानी होगी।
बड़े WhatsApp ग्रुप चलाने वालों को मिलेगा फायदा
WhatsApp के इन नए अपडेट्स से बड़े ग्रुप को मैनेज करना आसान हो सकता है। खासकर स्कूल, कॉलेज, ऑफिस, सोसायटी और कम्युनिटी ग्रुप के एडमिन को इसका फायदा मिलेगा। अब ज्यादा लोगों को एक ही ग्रुप में जोड़ने के साथ जरूरी मैसेज और अपडेट्स पर नजर रखना भी आसान होगा।







