Home मनोरंजन अब कपिल शर्मा के शो में लगेगा सियासी तड़का! मेहमान बन सकते...

अब कपिल शर्मा के शो में लगेगा सियासी तड़का! मेहमान बन सकते हैं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दर्शकों को दिखेगा उनका अनोखा अंदाज

5
0

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अब तक अपने बेबाक अंदाज और काम करने के तरीके को लेकर चर्चा में रहे हैं, लेकिन जल्द ही वह एक अलग मंच पर नजर आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गडकरी कॉमेडियन कपिल शर्मा के लोकप्रिय शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में मेहमान बनकर पहुंच सकते हैं। बताया जा रहा है कि उनके लिए शो की शूटिंग हो सकती है। अगर यह खबर सही साबित होती है, तो वह शो में आने वाले पहले मौजूदा केंद्रीय कैबिनेट मंत्री होंगे।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, नितिन गडकरी ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में नजर आ सकते हैं। खास बात यह है कि गडकरी पहले भी कपिल शर्मा के शो की तारीफ कर चुके हैं। एक पॉडकास्ट में उन्होंने इस कार्यक्रम को लेकर अपनी पसंद जाहिर की थी। ऐसे में अब उनके शो में पहुंचने की खबर ने दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

हालांकि, अभी तक इस संभावित एपिसोड की शूटिंग और प्रसारण को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शो में गडकरी किस दिन नजर आएंगे, इसका खुलासा भी नहीं हुआ है।

नितिन गडकरी सिर्फ राजनीतिक और सरकारी मुद्दों पर ही बात नहीं करते, बल्कि निजी जिंदगी, खान-पान और अपने अनुभवों को भी खुलकर साझा करते हैं। पिछले कुछ समय में वह कई पॉडकास्ट, यूट्यूब इंटरव्यू और सोशल मीडिया से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं।

इससे पहले वह फिल्ममेकर फराह खान के यूट्यूब व्लॉग और ट्रैवल-फूड शो ‘कर्ली टेल्स’ में भी नजर आ चुके हैं। इन कार्यक्रमों में उनका एक अलग और सहज अंदाज देखने को मिला था। यही वजह है कि कपिल के शो में उनकी संभावित एंट्री को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है।

नेटफ्लिक्स पर आने वाला ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ मनोरंजन की दुनिया के बड़े चेहरों के साथ-साथ खिलाड़ियों और कई चर्चित हस्तियों को भी मंच देता रहा है। कपिल शर्मा अपने मजाकिया सवालों और हाजिरजवाबी से मेहमानों के साथ बातचीत को खास बना देते हैं। शो में नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पूरन सिंह भी नजर आते हैं।

ऐसे में नितिन गडकरी अगर शो में पहुंचते हैं, तो दर्शकों को राजनीति से अलग उनका हल्का-फुल्का अंदाज देखने को मिल सकता है। कपिल के सवालों पर गडकरी क्या जवाब देंगे और दोनों के बीच कैसी बातचीत होगी, यह देखना दिलचस्प रहेगा। फिलहाल दर्शकों को इस एपिसोड की आधिकारिक पुष्टि और प्रसारण की तारीख का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here