रायपुर. छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, तो कुछ इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर दिख रहा है. प्रदेश में अगले 24 घंटों के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार 24 नवंबर से रात में ठंड बढ़ेगी. करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान गिर सकता है.
राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है.
जी हां प्रदेश में आज भी बारिश के आसार हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, रायपुर के मुताबिक सोमवार (23 Nov Weather Update) को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है. हालांकि किसी भी इलाके में बारिश को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया गया है. दो दिन बाद भी कुछ इलाकों में बारिश के संकेत हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 22 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक उसी स्थान पर सक्रिय रहा. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके प्रभाव से प्रदेश में बादल और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं. अगले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि, बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकती हैं. इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं.







