अगर आप भी दिनभर WhatsApp पर चैटिंग करते हैं, फोटो-वीडियो शेयर करते हैं या जरूरी दस्तावेज भेजते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। जरा सी लापरवाही आपके स्मार्टफोन की निजी जानकारी को खतरे में डाल सकती है। भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने WhatsApp और WhatsApp Business में कई गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर हाई-सीवियरिटी अलर्ट जारी किया है। चिंता की बात यह है कि इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी डिवाइस में खतरनाक कोड चला सकते हैं, संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं और सुरक्षा प्रतिबंधों को भी बायपास कर सकते हैं।
भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने अपनी एडवाइजरी CIVN-2026-0576 में WhatsApp और WhatsApp Business के कई वर्जन में सुरक्षा खामियों की पहचान की है। यह अलर्ट Android, iOS, Mac Desktop और Windows प्लेटफॉर्म के लिए जारी किया गया है। एजेंसी के मुताबिक, इन खामियों का फायदा उठाकर रिमोट साइबर अटैकर टारगेट डिवाइस में अपनी मर्जी का कोड चला सकते हैं। इसके अलावा वे संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं और ऐप की सुरक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित कर सकते हैं।
CERT-In की एडवाइजरी के मुताबिक, WhatsApp में मिली सुरक्षा खामियों की वजह अटैचमेंट स्पूफिंग, SQL इंजेक्शन, सर्टिफिकेट चेन का सही तरीके से वैलिडेशन नहीं होना, AI रिच रिस्पॉन्स मैसेज का अधूरा वैलिडेशन और एक्सटर्नल एड-रिप्लाई URL से जुड़ी समस्याएं हैं।
साइबर अपराधी किसी टारगेट डिवाइस पर खास तरीके से तैयार किया गया मैसेज, अटैचमेंट या URL भेजकर इन खामियों का फायदा उठा सकते हैं। यदि उनका हमला सफल होता है, तो वे डिवाइस पर खतरनाक कोड चला सकते हैं, संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं और ऐप के डेटा में बदलाव भी कर सकते हैं।







