रायपुर-
प्रदेश में आज मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दुर्ग, रायपुर और बस्तर जिलों में बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। वहीं, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है।
छत्तीसगढ़ में मौसमी सिस्टम सक्रिय, ऊपरी हवा और द्रोणिकाओं का असर जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर छत्तीसगढ़ और उसके आसपास के इलाके में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।
इसके साथ ही मानसून द्रोणिका समुद्र तल पर बीकानेर, देवमाली, हमीरपुर, डाल्टनगंज, जमशेदपुर और दीघा होते हुए पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके अलावा, एक और द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम उत्तरप्रदेश से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जो 0.9 से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है।
एक अन्य द्रोणिका उत्तर-पूर्वी अरब सागर से होकर उत्तर छत्तीसगढ़ तक फैली है, जो दक्षिण गुजरात, उत्तर-मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण-मध्य मध्यप्रदेश से होकर गुजरती है और यह भी करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है।
प्रदेश में कई जगहों पर बारिश के आसार, उत्तर छत्तीसगढ़ में हो सकती है भारी वर्षा
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, आज छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
प्रदेश के कुछ स्थानों पर तेज गर्जना के साथ भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
मुख्य रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।
हालांकि, प्रबल मानसूनी सिस्टम उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय होने के कारण, बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की भी संभावना है।
रायपुर में आज बादलों की मौजूदगी, बारिश के भी आसार
राजधानी रायपुर में आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना भी है। तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से लेकर 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।









