Home धर्म व त्यौहार आज मनाई जा रही गोपाष्टमी: इसी दिन बाल गोपाल ने शुरू किया...

आज मनाई जा रही गोपाष्टमी: इसी दिन बाल गोपाल ने शुरू किया था गौ-चारण, जानें पर्व का धार्मिक महत्व और रोचक पौराणिक कथा

1
0

हर साल कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन गौ-पूजन करने का विधान है। यह त्योहार मथुरा, वृंदावन और ब्रज के अन्य क्षेत्रों में अधिक लोकप्रिय है। गोपाष्टमी को गोप अष्टमी और गोष्ठ अष्टमी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार,  इस दिन से भगवान श्री कृष्ण ने गौ चारण लीला शुरू की थी। गोपाष्टमी व्रत के दिन ऐसा करने से प्रगति के मार्ग प्रशस्त होते हैं, सौभाग्य में वृद्धि होती है और जीवन में उन्नति होती है। गोपाष्टमी व्रत के दिन गाय माता को स्नान कराकर उनका श्रृंगार करना चाहिए और उचित प्रकार से उनकी पूजा करके आशीर्वाद लेना चाहिए। इस साल 17 नवंबर 2026 को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। तो आइए जानते हैं गोपाष्टमी से जुड़ी पौराणिक कथा के बारे में।

पौराणिक कथा के मुताबिक, जब बाल गोपाल 7 साल के हो गए तो वे अपनी माता से कहने लगे कि मां अब मैं अब बड़ा हो गया हूं इसलिए अब मैं गाय चराने जाऊंगा। यशोदा माता ने कहा कि इस बारे में एक बार अपने पिता से पूछ लो। तब भगवान कृष्ण नंद बाबा के पास गये और कहने लगे कि अब से मैं बछड़े चराने की जगह गाय चराने जाया करूंगा। तब नंद बाबा ने कहा कि ठीक है लेकिन पहले मैं गौ चारण के लिए शुभ मुहूर्त का पता लगा लूं। तब भगवान कृष्ण दौड़ते हुए पंडित जी के पास पहुंचे और उनसे गौ चारण का मुहूर्त देखने के लिए कहा। पंडित जी नंद बाबा के पास पहुंचे और उन्होंने पंचांग देखकर उसी दिन का समय गौ चारण के लिए शुभ बता दिया। तब नंद बाबा ने बाल गोपाल को गौ चारण की आज्ञा दे दी। कहते हैं जिस दिन से बाल कृष्ण ने गौ चारण शुरू किया था उस दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि थी। भगवान द्वारा उस दिन गाय चराने का काम शुरू करने के कारण ही इसे गोपाष्टमी के नाम से जाना जाने लगा और हर साल इस दिन को त्योहार के रूप में मनाया जाने लगा।

पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इन्द्र के प्रकोप से बचाने के लिये गोवर्धन पूजा के दिन गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अर्थात् छोटी उंगली पर उठा लिया था। सात दिनों तक निरंतर वर्षा करने के पश्चात् इंद्रदेव ने गोपाष्टमी के दिन अपनी पराजय स्वीकार की थी। भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों द्वारा इंद्रदेव को दी जाने वाली वार्षिक भेंट को रोकने का सुझाव दिया था। इससे इंद्रदेव क्रोधित हो गये और उन्होंने ब्रज क्षेत्र को बाढ़ में डुबाने का निर्णय किया। लेकिन इंद्रदेव अपने उद्देश्य में विफल रहे, क्योंकि ब्रज के लोग और उनके पशु गोवर्धन पर्वत की विशाल छत्रछाया के नीचे सुरक्षित हो गये थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here