सुबह का नाश्ता दिन की सबसे अहम शुरुआत होती है। अगर ब्रेकफास्ट हेल्दी और पौष्टिक हो तो दिनभर शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। अक्सर लोग रोज़-रोज़ पोहा, इडली या पराठा खाकर बोर हो जाते हैं। ऐसे में आप चाहें तो इस बार ट्राई करें प्रोटीन रिच मूंग दाल टिक्की, जो स्वाद में बेहतरीन और सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है।
क्यों है खास मूंग दाल टिक्की?
मूंग दाल को प्रोटीन और फाइबर का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। यह मांसपेशियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ पाचन को भी बेहतर बनाती है। लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करती है और दिनभर एक्टिव रहने के लिए ऊर्जा देती है।
मूंग दाल टिक्की बनाने के लिए सामग्री
1 कप पीली मूंग दाल (रातभर भिगोई हुई)
1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
½ चम्मच हल्दी पाउडर
½ चम्मच जीरा पाउडर
½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
नमक स्वादानुसार
तेल या घी – सेकने के लिए
बनाने की विधि
- सबसे पहले भिगोई हुई दाल को अच्छी तरह धोकर बिना पानी डाले मोटा पेस्ट बना लें।
- एक बाउल में दाल का पेस्ट, प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और सारे मसाले डालकर अच्छे से मिला लें।
- अब हाथों में थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें।
- नॉन-स्टिक पैन या तवे पर हल्का तेल गर्म करें और टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
- तैयार टिक्कियों को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें।









