
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। तेलावर्ती गांव में एक युवक शिप्रा नदी के तेज बहाव में 24 घंटे तक फंसा रहा। प्रशासन ने पहले मोटर बोट की मदद से उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन चट्टानों और पत्थरों की अधिकता के कारण कोशिश नाकाम रही। इसके बाद हेलीकॉप्टर मंगवाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान जिला पुलिस और सीआरपीएफ की टीम मौके पर मौजूद रही।
बस्तर संभाग में बारिश से बिगड़े हालात
इन दिनों बस्तर संभाग में लगातार तेज बारिश हो रही है। सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के कई गांवों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
प्रशासन की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। डूबान क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।









