नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब उड़ान भरते ही विमान से एक पक्षी टकरा गया। इस टक्कर के कारण विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति को समझते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया और नागपुर एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतार दिया। उस समय फ्लाइट में कुल 272 यात्री मौजूद थे।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
विमान के आगे जोरदार झटका लगते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। कई लोग दहशत में आ गए। लेकिन पायलट ने शांत रहकर तुरंत यात्रियों से संयम बनाए रखने की अपील की और समझदारी दिखाते हुए विमान को सुरक्षित लैंड कराया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की चोट या नुकसान की सूचना नहीं है।
नागपुर-कोलकाता उड़ान संख्या 6E812
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E812 ने तय समय पर उड़ान भरी थी। टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद विमान के फ्रंट हिस्से से पक्षी टकराया, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा। इसे एविएशन इंडस्ट्री में बर्ड हिट कहा जाता है और यह टेक-ऑफ और लैंडिंग के समय सबसे बड़ा खतरा माना जाता है।
अधिकारियों ने क्या कहा
नागपुर एयरपोर्ट के सीनियर डायरेक्टर आबिद रूही ने बताया कि घटना की वजह बर्ड हिट थी। उन्होंने कहा –
“पक्षियों का टकराना विमानन क्षेत्र में एक गंभीर खतरा होता है। कई बार यह इंजन में भी फंस सकते हैं जिससे तकनीकी खराबी आ सकती है। पायलट ने समय पर सही कदम उठाकर सभी की जान बचाई। मामले की जांच की जा रही है।”
पहले भी सामने आए ऐसे मामले
यह पहली बार नहीं है जब इंडिगो फ्लाइट को बर्ड हिट का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले 2 जून को रांची जाने वाली एक इंडिगो फ्लाइट में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। उस समय 175 यात्रियों को सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।







