बस्तर सवाददाता – अर्जुन झा
= कलेक्टर के निर्देश के बाद भी गौवंश की सुरक्षा पर किसी का नहीं है ध्यान =
जगदलपुर। रायपुर- जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फिर अज्ञात वाहन ने तीन गौवंशों कोकुचल डाला। इसी हाईवे पर ही और दो गौवंश की मौत हुई है। एक रात में पांच गौवंश की मौत की घटना दिल दहलाने वाली है।
इंद्रावती पुल के आगे ट्रैक्टर शो रूम के सामने तीनों गौवंशों को अज्ञात वाहन ने रौंद डाला। तीनों मवेशियों की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। इसी मार्ग पर आसना में कल रात दो गौवंशों को अज्ञात वाहन ने कुचल कर मार डाला था।एक ही रात में पांच गौवंशों की दर्दनाक मृत्यु हो गई और जिम्मेदार मौन हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरेआम रौंदी जा रही है गौमाता। इस घटना से व्यथित बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दोनों घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है और वाहन चालकों को नसीहत दी है कि वे गौवंश को सुरक्षित बचाते हुए वाहन चलाएं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ही कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में सड़कों पर बैठे मवेशियों की सुरक्षा के लिए कड़े दिशा निर्देश दिए थे। इसके अलावा जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय ने भी बेसहारा घूमने वाले और सड़कों पर बैठे रहने व विचरण करने वाले मवेशियों की सुरक्षा के लिए कांजी हाउस को दुरुस्त करवाया है। वहीं विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बेसहारा गौवंशों को गौशालाओं में सुरक्षित रखने के लिए लगातार काम करते आ रहे हैं।









