रघुराज/रायपुर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक महादेव घाट में भव्य समरसता महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि यह कार्यक्रम समाज की एकजुटता, समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का प्रतीक होगा।
कार्यक्रम शाम 5 बजे से आरंभ होगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विश्नु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिलाओं की उपस्थिति अपेक्षित है। आयोजकों ने विशेष रूप से प्रदेश की बहनों और माताओं से निवेदन किया है कि वे बड़ी संख्या में महादेव घाट पहुंचकर इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में अपनी सहभागिता दर्ज करें।

महाआरती के दौरान गंगा तट पूरी तरह दीपों की रौशनी से जगमग होगा और सामूहिक रूप से वातावरण में आध्यात्मिकता और सामाजिक बंधुत्व का संदेश गूंजेगा। आयोजन समिति का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को “सेवा और समर्पण” के रूप में मनाते हुए यह कार्यक्रम, समाज में भाईचारा और एकता का संदेश देगा।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इस आयोजन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। महाआरती के लिए खास तैयारियां की गई हैं, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
यह समरसता महाआरती न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह सामाजिक एकता और उत्साह का भी एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। आयोजकों ने सभी से अपील की है कि वे इस पावन क्षण के साक्षी बनें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन को सामूहिक सहभागिता के साथ विशेष बनाएँ।









