लखनपुर संवाददाता विकास अग्रवाल।
अंबिकापुर सरगुजा।।
सरगुजा ज़िले के चर्चित युक्तियुक्तकरण प्रकरण में हुई अनियमितताओं की जांच अब नए मोड़ पर पहुँच गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने संयुक्त संचालक, लोक शिक्षा सरगुजा संभाग को पत्र लिखकर तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा और सहायक ग्रेड–02 बृजकिशोर तिवारी को जांच पूरी होने तक अन्यत्र पदस्थ करने की मांग की है। गांधी ने अपने पत्र में लिखा है कि “जांच के दौरान यदि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उसी पद पर बने रहते हैं तो निष्पक्ष जांच संभव नहीं होगी और दस्तावेज़ों के साथ छेड़छाड़ की आशंका बनी रहेगी।”
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में ही तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बृजकिशोर तिवारी को निलंबित किया गया था, फिर भी वे उसी पद पर कार्यरत हैं।परवेज आलम गांधी ने कहा कि पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि जांच पूरी होने तक दोनों अधिकारियों को अन्यत्र पदस्थ किया जाए।”स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा शिक्षाजगत में चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सबकी नज़रें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।









