Home अंतर्राष्ट्रीय सुपर टाइफून ‘रगासा’ ने मचाई तबाही, हांगकांग और दक्षिणी चीन में तूफानी...

सुपर टाइफून ‘रगासा’ ने मचाई तबाही, हांगकांग और दक्षिणी चीन में तूफानी कहर

129
0

बीते कुछ सालों में एशिया में आए सबसे शक्तिशाली तूफानों में से एक ‘रगासा’ ने हांगकांग और दक्षिणी चीन के तटों पर भारी तबाही मचाई है। इससे पहले इस तूफान ने ताइवान और फिलीपींस में भी जान-माल का बड़ा नुकसान किया था। हांगकांग में रगासा तूफान ने बुधवार तड़के तेज हवाओं और भारी बारिश के साथ दस्तक दी। इसकी रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जिसके कारण इसे ‘सुपर टाइफून’ की श्रेणी में रखा गया। हांगकांग के मौसम विभाग के मुताबिक, यह इस साल का सबसे खतरनाक तूफान है और 1950 के बाद से दक्षिण चीन सागर में दूसरा सबसे शक्तिशाली तूफान माना जा रहा है।

तूफान की वजह से हांगकांग में सड़कों पर पेड़ उखड़ गए, एक ‘फुट ब्रिज’ की छत उड़ गई और कई जगहों पर बाढ़ आ गई। समुद्र तट पर एक जहाज के टकराने से कांच की रेलिंग टूट गई। कई रेस्तरां में फर्नीचर बिखर गया और एक होटल में पानी घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। होटल ने अपने फेसबुक पेज पर कहा, ‘तूफान ने नाटकीय ढंग से दस्तक दी, लेकिन हमारे मेहमान और स्टाफ सुरक्षित हैं।’ हांगकांग में 90 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। स्कूल, दुकानें और उड़ानें बंद कर दी गईं हैं। सैकड़ों लोग अस्थायी आश्रय केंद्रों में शरण लेने को मजबूर हुए हैं। तूफान के कमजोर होने के बाद कुछ लोग बाढ़ वाली सड़कों पर मछलियां पकड़ते नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here