भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सुपर-4 में बुधवार को टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 41 रन से हराया। अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी और कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी ने भारत को जीत दिलाई। अब भारत का सामना फाइनल में सुपर-4 के अंतिम क्वालीफाइंग टीम से होगा।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 168 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने मात्र 37 गेंदों में 75 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल थे। शुभमन गिल ने 29 रन, जबकि हार्दिक पंड्या ने 38 रन का योगदान दिया।
बांग्लादेश की ओर से रिशाद हुसैन ने 2 विकेट लिए, जबकि तंजीह हसन साकिब, मुस्तफिजुर रहमान और मोहम्मद सैफुद्दीन ने एक-एक सफलता हासिल की।
168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम 19.2 ओवर में ऑलआउट हो गई। ओपनर सैफ हसन ने 69 रन और परवेज़ हुसैन एमोन ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम के अन्य 8 खिलाड़ी डबल डिजिट में भी नहीं पहुंच सके।
भारत के लिए कुलदीप यादव ने 3 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को 2-2 विकेट और अक्षर पटेल तथा तिलक वर्मा को 1-1 विकेट मिले।









