Home चर्चा में “स्वदेशी से ही बनेगा विकसित भारत” — मंत्री राजेश अग्रवाल

“स्वदेशी से ही बनेगा विकसित भारत” — मंत्री राजेश अग्रवाल

13
0

सूरजपुर संवाददाता – प्रदीप द्विवेदी

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा — प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है

सूरजपुर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय सूरजपुर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित होकर अभियान की विस्तृत जानकारी दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे ऐतिहासिक परिवर्तन की चर्चा की। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि “स्वदेशी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प देशवासियों के सामने रखा है, वह केवल एक आर्थिक योजना नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना का प्रतीक है।” उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर, पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से प्रारंभ होकर 25 दिसंबर, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती तक चलेगा। अभियान के तहत ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना के साथ आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन, रथ यात्राएं, प्रदर्शनी और स्वदेशी मेले आयोजित किए जा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अब रक्षा क्षेत्र, अंतरिक्ष अनुसंधान और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन रहा है। वर्ष 2014-15 में जहां देश का रक्षा निर्यात ₹1,941 करोड़ था, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर ₹23,622 करोड़ तक पहुँच गया है। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर भारत अभियान का अग्रणी राज्य बनाने के लिए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। बस्तर की लोककला, चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी, डोकरा और टेराकोटा जैसी कलाएं आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं।


त्योहारों के अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली में स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत के इस अभियान को सशक्त करें। “हर भारतीय गर्व से कहे — मैं स्वदेशी खरीदता हूँ, मैं स्वदेशी बेचता हूँ,” उन्होंने कहा। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय गोयल, भाजपा जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, अशोक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग, जिला कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप द्विवेदी, अवध पाठक, शैलेश अग्रवाल और दीपक गुप्ता , शिव राजवाड़े , पवन‌ साहू , उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here